गढ़वा में देह-व्यापार की आशंका में आरडीएस होटल समेत तीन होटल सील

गढ़वा में पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, देह व्यापार की आशंका पर आरडीएस समेत तीन होटल सील, कई लोगों की गिरफ्तारी, अनैतिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में सोमवार को शहर के विभिन्न होटलों में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। एसडीएम के अनुसार चार होटलों में छापेमारी की गई, जिनमें से तीन होटलों को प्रथम दृष्टया देह व्यापार एवं अन्य अनैतिक गतिविधियों की आशंका एवं पुष्टि के आधार पर सील कर दिया गया।

बताया गया कि सबसे पहले सोनपुरवा के एसएनसी होटल के बारे में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद इस होटल में छापेमारी की गई। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां और देह व्यापार के साक्ष्य पाए जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर उसे मौके पर ही सील कर दिया गया। इसके पश्चात एसडीएम और एसडीपीओ के निर्देश पर शहर के अन्य तीन होटलों में संयुक्त छापेमारी की गई। जांच के क्रम में दो होटलों आरडीएस होटल स्टेशन रोड तथा तिवारी इन रंका मोड़ में प्रथम दृष्टया देह व्यापार की पुष्टि होने पर दोनों होटलों को एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से एहतियातन सील करा दिया।

कार्रवाई के दौरान इन तीनों संबंधित होटलों के प्रबंधकों सहित कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस को मामले में अग्रेतर पूछताछ कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि बस स्टैंड के पास स्थित रघुनंदन रेजिडेंसी में भी छापेमारी के दौरान कई विसंगतियां मिलीं है, जिसके संबंध में जांच का निर्देश दिया गया है।

इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार की घृणित गतिविधियां समाज के लिए अनैतिक एवं अस्वीकार्य हैं। किसी भी स्थिति में ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों की सूचना तत्काल थाना, अंचल, अनुमंडल या जिला स्तर के अधिकारियों को दें।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।