झारखंड : मछली पकड़ने के दौरान डैम में डूबने से चार लड़कों की मौत

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा : वंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या पांच के बभनी नयाखाड़ डैम में मछली पकड़ने उतरे चार लड़कों की डूबने से मौत हो गयी। मृतकों में बबलू उरांव (25), अनिल उरांव (25), अमरेश उरांव (17) और नागेंद्र उरांव (22) शामिल हैं।

घटना गुरुवार देर की रात की है। मछली पकड़ने गये सभी लड़के नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड पांच के नयाखाड़ गांव निवासी थे।

बताया जा रहा है कि नौ युवक मछली पकड़ने के लिए डैम गये थे। इनमें बबलू, अनिल, अमरेश और नागेंद्र डैम में पानी निकासी वाले फाटक के पास जाल लगाने के लिए घुसे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

काफी देर होने के बाद चारों के बाहर नहीं निकलने पर उनके बाकी साथियों ने उन्हें आवाज लगायी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद युवकों ने आस-पास के लोगों को इसकी सूचना दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद डैम पर आस-पास के गांव के लोगों की भीड़ जुट गयी। घटना के करीब तीन घंटे बाद डैम का फाटक खुलवाया गया, तो चारों शव नहर में बह गये, जहां से चारों शवों को बाहर निकाला गया।वंशीधर नगर थाना पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।

Share This Article