


अभिनेत्री गौहर खान इन दिनों अपने मातृत्व का आनंद ले रही हैं। वह अक्सर बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों को जागरूक करती नजर आती हैं। बुधवार को उन्होंने मेनिंगोकोकल मेनिन्जाइटिस और बच्चों के टीकाकरण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।





इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए किया सचेत
गौहर खान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर माता-पिता से इस बीमारी के बारे में जानकारी रखने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने माता-पिता को सलाह दी कि वे टीकाकरण को लेकर अपने बच्चे के डॉक्टर से जरूर सलाह लें।
बीमारी को लेकर क्या बोलीं गौहर?
वीडियो में गौहर ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों की जिंदगी को खूबसूरत यादों से भरना चाहते हैं, लेकिन बीमारी का खतरा हमेशा चिंता का विषय रहता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्हें मेनिंगोकोकल मेनिन्जाइटिस के बारे में जानकारी मिली।
डॉक्टर से मिली बीमारी की जानकारी
गौहर ने बताया कि जब वह बच्चों के डॉक्टर के पास गईं, तब उन्हें इस बीमारी के बारे में पता चला। मेनिंगोकोकल बीमारी गंभीर संक्रमण का कारण बन सकती है और मेनिन्जाइटिस मस्तिष्क तथा रीढ़ की हड्डी के आसपास की झिल्लियों को प्रभावित करता है। इसके लक्षण सामने आने पर तुरंत चिकित्सकीय मदद लेना जरूरी है।
टीकाकरण को बताया बचाव का अहम तरीका
अभिनेत्री ने माता-पिता से बच्चों के टीकाकरण को लेकर डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारी के खतरे को देखते हुए समय पर टीका लगवाने के बारे में जानकारी हासिल करना जरूरी है। गौहर का यह संदेश बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने की कोशिश है।
