गिरिडीह में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह: अचानक मौसम में हुए बदलाव और देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बीच आसमानी बिजली की चपेट में आने से जिले के धनवार और गांवा में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

जानकारी के अनुसार जिले के धनवार के बलवागढ़ गांव में शुक्रवार की अहले सुबह सतीश यादव (35) मूसलाधार बारिश और कड़कड़ाते बिजली के बीच घर से कुछ दूर अपने तैयार ईंटों को ढकने के लिए गया।

ईंट भट्टी को ढकने के दौरान ही उक्त स्थल पर बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों के साथ मृतक के परिजन भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस को खबर की। शुक्रवार की सुबह धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

इधर, दूसरी घटना जिले के गांवा थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार गांवा के जमुआ गांव में शुक्रवार की देर रात झोपड़ीनुमा घर में आसमानी बिजली गिरी।

जानकारी के अनुसार इस झोपड़ी में जमुआ गांव निवासी चेत्तू मुर्मू 47 वर्षीय पत्नी मैनौ मुर्मू और 11 वर्षीय बेटे सुखदेव मुर्मू के साथ खाट पर सोया हुआ था।

इसी दौरान आसमानी बिजली चेत्तु मुर्मू के झोपड़ी पर गिरा, जिससे मौके पर ही चेत्तु मुर्मू की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से झुलस गए।

मां बेटे को मुखिया प्रतिनिधि बलराम मुर्मू अपनी गाड़ी से स्वास्थ केंद्र ले गए, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Share This Article