बारिश के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे क्षेत्र में बारिश हो रही थी। इसी दौरान बीरेंद्र प्रसाद यादव कहीं जा रहे थे। तभी वह बिजली पोल के पास निकले तार की चपेट में आ गए और जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर उन्हें संभाला।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
ग्रामीण आनन-फानन में बीरेंद्र प्रसाद यादव को इलाज के लिए सरिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को घर लाया गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस को दी गई सूचना
स्थानीय मुखिया सहदेव यादव ने बताया कि बिजली पोल के पास निकले तार की चपेट में आने से बीरेंद्र प्रसाद यादव की मौत हुई है। घटना की सूचना भरकट्टा पुलिस को दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की बात कही गई है।
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बारिश के दौरान बिजली के खुले या निकले तारों से होने वाले खतरे ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


