रांची: राजधानी के डोरंडा स्थित काली मंदिर रोड के न्यू काली पूजा परिसर में आगामी महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ हो गया है। न्यू काली पूजा समिति की ओर से इस वर्ष मां काली के 45वें वार्षिक पूजन महोत्सव को भव्य और धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। जिसकी शुरुआत गुरुवार को पारंपरिक रूप से भूमि पूजन के साथ हुई। इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद से ही पूरे क्षेत्र में मां काली की आराधना और उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस भूमि पूजन समारोह में समिति के संरक्षक टापू चंद्र घोष, नवरत्न कुमार बाली और राजू दास के साथ-साथ अध्यक्ष शंभू गुप्ता और महामंत्री अजय घोष मुख्य रूप से शामिल हुए। इसके अलावा बिट्टू घोष, निखिल घोष, मनोज नायक, शिशिर छेत्री, बप्पा घोष, जयंत मजूमदार, धीरज गुप्ता, राजू थापा, विक्की घोष, अमित गुप्ता, देवराज बर्मन, सूरत सिंह, विक्की छेत्री और रवि छेत्री समेत समिति के तमाम सदस्य उपस्थित रहे।
सभी ने संयुक्त रूप से इस आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। समिति द्वारा इस आयोजन को और अधिक आकर्षक व यादगार बनाने के लिए आगे की रूपरेखा तैयार की जा रही है।


