
गिरिडीह: जिला प्रशासन के तत्वावधान में 25-26 अप्रैल को आयोजित जिला स्तरीय अस्मिता सिटी लीग 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के दौरान ताइक्वांडो व बैडमिंटन के मुकाबले इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुए, जबकि एथलेटिक्स और कबड्डी प्रतियोगिताएं गिरिडीह स्टेडियम में संपन्न हुईं। विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कबड्डी के फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में UMS मंगलुस्कर का सामना युवा कबड्डी अकादमी से होगा। वहीं अंडर-17 वर्ग में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और कार्मेल स्कूल आमने-सामने होंगे। सीनियर वर्ग में Indra the Fighter की भिड़ंत EMRS पालीगंज से होगी। ये सभी फाइनल मुकाबले दूसरे दिन खेले जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, खेल पदाधिकारी अर्जुन बारा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

