गिरिडीह : गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध खंडोली पर्यटक स्थल पर एक कथित प्रेमी जोड़े को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मामला बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली डैम के पास का है। युवक बेंगाबाद क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि युवती डुमरी थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। युवती कुछ दिनों से बेंगाबाद के एक गांव में अपनी दीदी के घर रह रही थी। इसी दौरान वह युवक के साथ घूमने खंडोली पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों को दोनों के वहां होने की जानकारी मिली। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, हंगामे के बीच दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया। इसके बाद युवक ने बाइक पर बैठे हुए ही युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।


