
Giridih Kidnapping Case : आसान पैसे कमाने की चाह में अपहरण की साजिश रचने वाले एक गिरोह का गिरिडीह पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करने के साथ ही पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि खंडोली घूमने गए युवक का अपहरण कर लिया गया है और बदमाश उसके परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया और मामले की मॉनिटरिंग खुद एसपी ने की।
ढाई घंटे में पुलिस ने पकड़े दो आरोपी
विशेष टीम में इंस्पेक्टर सह मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, ज्ञान रंजन, रतन कुमार सिंह और बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन सिंह को शामिल किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
महज ढाई घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों — आदिल अंसारी और मोहम्मद सोहेल — को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने पूरे अपहरण कांड का खुलासा कर दिया।
जंगल में हाथ-पैर बांधकर रखा था युवक
पीड़ित युवक तस्लीम अंसारी के चचेरे भाई इकबाल ने पुलिस को बताया था कि तस्लीम खंडोली घूमने गया था, जिसके बाद उसके मोबाइल से फोन कर बताया गया कि उसका अपहरण कर लिया गया है। अपराधियों ने उसे छोड़ने के एवज में 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
बाद में अपराधियों ने क्यूआर कोड के जरिए पैसे ट्रांसफर कराने की कोशिश की और परिजनों को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चाइना मोड़ बुलाया। पुलिस ने रणनीति के तहत परिजनों के साथ जाल बिछाया और अपराधियों तक पहुंच गई।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस चुंजका जंगल पहुंची, जहां तस्लीम अंसारी हाथ-पैर बंधे अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे सुरक्षित मुक्त करा लिया।
5 गिरफ्तार, 2 आरोपी अब भी फरार
इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद सोहेल, समीर अंसारी, अफरीदी शाह, इरशाद और आदिल अंसारी को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई तीन बाइक भी जब्त कर ली हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने “ईजी मनी” कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था।

