

गिरिडीह : बेंगाबाद थाना क्षेत्र में गिरिडीह कॉलेज के पास हुए सड़क हादसे में घायल टोटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदन नगर पुलिस लाइन निवासी सुनील पासवान के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, सुनील सोनबाद से सवारी छोड़कर गिरिडीह लौट रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह कॉलेज के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनके टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए।





स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सुनील की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे पत्नी और छह साल की बेटी छोड़ गए हैं।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर बेंगाबाद थाना भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।
