
टीवीएफ (TVF) की चर्चित वेब सीरीज ‘गुल्लक’ का पांचवां सीजन दर्शकों के बीच शानदार प्रदर्शन कर रहा है। 5 जून से ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर स्ट्रीम हो रही इस सीरीज ने कुछ ही दिनों में 7 मिलियन यूनिक व्यूअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। यही वजह है कि यह शो लगातार सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पारिवारिक मूल्यों को रखा है बरकरार
श्रेयांश पांडे द्वारा निर्मित इस सीरीज में एक बार फिर मिश्रा परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी, रिश्तों की गर्माहट और छोटे शहर की सादगी को बेहद भावनात्मक और वास्तविक अंदाज में पेश किया गया है। ‘गुल्लक 5’ की खासियत यह है कि यह पारिवारिक मूल्यों को बरकरार रखते हुए आधुनिक दौर के मुद्दों को भी कहानी में शामिल करती है। इस सीजन में घर के बदलाव, नए रिश्ते और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से दिखाया गया है।
अन्नू मिश्रा के किरदार में हुआ बदलाव
सीजन 5 में एक बड़ा बदलाव अन्नू मिश्रा के किरदार को लेकर देखने को मिला है। इस बार यह भूमिका अनंत वी. जोशी ने निभाई है, जबकि पिछले सीजन में यह किरदार वैभव राज गुप्ता निभाते थे। हालांकि कलाकार बदलने के बावजूद दर्शकों ने नए चेहरे को सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। आईएमडीबी पर 9.1 रेटिंग हासिल कर ‘गुल्लक 5’ ने खुद को टीवीएफ की एक और सफल और पसंदीदा सीरीज के रूप में स्थापित कर लिया है।

