

गुमला : जिले में इन दिनों 440 टायर वाला विशाल मालवाहक वाहन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ओडिशा के पारादीप से उत्तर प्रदेश के लिए चीनी बनाने वाली मशीन लेकर जा रहा यह वाहन सोमवार को पालकोट क्षेत्र में पहुंचा तो इसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। पालकोट के बंगरू स्थित रक्तपानी गांव में वाहन पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जमा हो गए।





करीब चार महीने पहले पारादीप से निकला यह वाहन बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक इसकी लंबाई और वजन अधिक होने के कारण प्रतिदिन महज 8 से 10 किलोमीटर की दूरी ही यह तय कर पा रहा है। कुछ दिन पूर्व यह पालकोट पहुंचा था। सोमवार सुबह यह बघिमा पेट्रोल पंप के पास से गुजरा जहां इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
