चार महीने की गर्भवती महिला की मौत, पिता बोले- दहेज की खातिर ससुरालवालों ने पिला दी खटमल मारनेवाली दवा

News Aroma
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla Crime News: जिले के सदर थाना (Sadar Police Station) क्षेत्र स्थित कतरी गांव में एक चार महीने की गर्भवती महिला (Pregnant Woman) की मौत का सामने आया है। महिला के मायके वाले इस मौत को हत्या बता रहे हैं।

उनका आरोप है कि महिला के ससुरालवालों ने जहर देकर उसकी हत्या कर दी है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। SP के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी अंकिता साहू इस मामले की जांच कर रही हैं।

छह महीने पहले ही हुई थी शादी, सास पर जहर देने का आरोप

मृतका का नाम तरन्नुम परवीन (18 वर्ष) था। तरन्नुम के पिता शमशेर अंसारी ने बताया कि छह महीने पहले ही साल 2023 में तरन्नुम की शादी तबरेज अंसारी से हुई थी। सात मार्च (गुरुवार) को सुबह करीब नौ बजे तरन्नुम के पेट में दर्द हुआ। उसने यह बात अपनी सास सबीरन बीबी को बतायी और दवा मांगी।

तरन्नुम के पिता ने आरोप लगाया है कि इस पर उसकी सास ने खटमल मारने की दवा पानी में घोलकर उसे उसे पिला दी। इसके बाद तरन्नुम की तबीयत बिगड़ गयी और वह बेहोश हो गयी।

उसके बाद ससुराल से फोन कर उन्हें बताया गया कि तरन्नुम बीमार है और उसे Sadar Hospital में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलने के बाद वे लोग सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि तरन्नुम के ससुरालवाले उसे वहां भर्ती कराकर भाग गये हैं। वहां उन्होंने देखा कि तरन्नुम झाग उल्टी कर रही है। डॉक्टरों ने रांची स्थित RIMS रेफर कर दिया। रात के करीब 10 बज चुके थे। आनन-फानन में जैसे ही उन्होंने बेटी को RIMS ले जाने के लिए एंबुलेंस में लेटाया, बेटी ने वहीं पर दम तोड़ दिया।

पति, सास-ससुर समेत छह लोगों पर नामजद FIR

तरन्नुम के पिता शमशेर अंसारी ने बेटी के पति तबरेज अंसारी, सास सबीरन बीबी, उसकी बेटी अख्तरी खातून, सरवरी खातून, बेटा परवेज खान और अफरीदी खान के खिलाफ नामजद FIR दर्ज करायी है।

शादी के दो महीने बाद ही दहेज के लिए सताने लगे

तरन्नुम के पिता ने बताया कि शादी के वक्त दामाद तबरेज की हर मांग को उन्होंने पूरा किया।

शादी के दो माह बाद ही तरन्नुम को दहेज के लिए ससुराल के सभी सदस्य प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ मारपीट की जाने लगी। तब इसे लेकर कतरी गांव में अंजुमन में पंचायती भी हुई थी। पंचायत में सबकुछ सुलझा लेने की बात कही गयी थी। लेकिन, उसके बाद भी ससुरालवाले दहेज की मांग करते रहे। वे लोग एक लाख रुपये नकद और एक महंगी बाइक की मांग कर रहे थे। जब उन्होंने असमर्थता जतायी, तो तबरेज उनकी बेटी को ससुराल में ही छोड़कर मद्रास चला गया। उसके बाद भी ससुरालवाले तरन्नुम के साथ दुर्व्यवहार करते रहे।

इस पर तरन्नुम ने अपनी मां के साथ गुमला महिला थाना पहुंची और ससुरालवालों के खिलाफ प्रताड़ना और दहेज की मांग को लेकर लिखित शिकायत दर्ज करायी। पुलिस की ओर से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी, बल्कि 24 फरवरी को तरन्नुम को महिला थाना बुलाया गया और उसका दिया आवेदन उसे लौटा दिया गया।

तरन्नुम के पिता ने बताया कि शादी के बाद यह भी पता चला था कि तबरेज ने पहले से ही दो शादियां कर रखी थीं। उन्होंने कहा कि दहेज की खातिर अब ससुरालवालों ने चार माह की गर्भवती उनकी बेटी तरन्नुम की हत्या (Murder) कर डाली।

Share This Article