जमीन सीमांकन के दौरान बवाल! गुमला में अंचल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, महिला ने भी किया हमला

गुमला के खेड़ा गांव में जमीन सीमांकन के दौरान बवाल, अंचल कर्मियों पर ग्रामीणों ने हमला, एक कर्मचारी घायल, चप्पलों से भी हमला, पुलिस जांच में जुटी

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला: गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत खेड़ा गांव में जमीन सीमांकन के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि अंचल कर्मियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में एक राजस्व कर्मचारी घायल हो गया, जबकि बाकी कर्मियों को किसी तरह भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। जानकारी के अनुसार, खेड़ा गांव निवासी शिव प्रसाद साहू के आवेदन पर अंचलाधिकारी के निर्देश के बाद चैनपुर अंचल के कर्मचारी जमीन सीमांकन के लिए गांव पहुंचे थे। लेकिन मौके पर कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।

महिला ने चप्पलों से किया हमला

हंगामे के दौरान राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिंह पर एक महिला ने चप्पलों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। हालात बिगड़ते देख बाकी कर्मियों ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। तनाव बढ़ने के कारण जमीन का सीमांकन कार्य अधूरा रह गया और टीम को वापस लौटना पड़ा। इधर घटना के बाद राजस्व कर्मचारियों ने संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई खेड़ा गांव में एक आवेदन के आधार पर की जा रही थी।

कर्मचारियों में डर और नाराजगी

इस घटना के बाद चैनपुर अंचल के कर्मचारियों में आक्रोश के साथ-साथ डर का माहौल है। उनका कहना है कि ऐसे हालात में सरकारी काम करना मुश्किल हो जाता है। दूसरे अंचलों के कर्मियों ने भी इस घटना पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि दूरदराज इलाकों में सीमांकन जैसे कार्यों के दौरान सुरक्षा की पूरी व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।