
साहिबगंज: साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड अंतर्गत बिचपुरा पंचायत की पंचायत सचिव आशा कुमारी पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि योजनाओं के प्राक्कलन और लाभ दिलाने के नाम पर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। रंगमटिया गांव के कई ग्रामीण नरेश मुर्मू, मुंशी मरांडी, ताला मुर्मू, मांझी हेंब्रम, संजीव हेंब्रम समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने के लिए प्रति व्यक्ति एक-एक हजार रुपये लिए। इसके बावजूद अब तक किसी भी पात्र लाभुक को योजना का लाभ नहीं मिला है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में बिना पैसे कोई काम नहीं होता, जिससे सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों के मुताबिक, पैसे लेने के बाद भी कई योग्य परिवार आज तक आवास योजना से वंचित हैं।
इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि कुछ मामलों में अयोग्य और संपन्न लोगों को भी योजना का लाभ दे दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि एक ही परिवार के कई सदस्यों को आवास योजना का फायदा मिला, जबकि जिनके पास पक्का मकान और यहां तक कि ट्रैक्टर भी है, उन्हें भी योजना में शामिल कर लिया गया। ग्रामीणों के इन आरोपों के बाद इलाके में नाराजगी बढ़ गई है और लोग मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।

