
रांची : रांची रेल मंडल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन NARCOS के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हटिया रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान के दौरान 16.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.45 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में RPF पोस्ट हटिया और CIB रांची की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर फुट ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में ट्रॉली बैग के साथ बैठा हुआ पाया गया।
पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम विशाल पुरकायत (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी महराटोली, थाना जगन्नाथपुर, रांची बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसके बैग में गांजा रखा हुआ है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विधिसम्मत तरीके से तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान तीन पैकेटों से गांजा बरामद किया गया। एक नीले रंग के ट्रॉली बैग से एक पैकेट तथा काले रंग के ट्रॉली बैग से दो पैकेट गांजा मिला। सभी पैकेटों का कुल वजन 16.900 किलोग्राम पाया गया।
पूछताछ में आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने बताया कि 4 अप्रैल को वह धुर्वा निवासी एक व्यक्ति के निर्देश पर अंगुल गया था, जहां से 7 अप्रैल को उसे दो ट्रॉली बैग दिए गए। इसके बाद वह ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस से हटिया पहुंचा, जहां चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया गया।
आरपीएफ द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जब्त गांजा के साथ GRPS हटिया को सौंप दिया गया है। इस मामले में NDPS एक्ट 1985 की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में कमांडेंट पवन कुमार ने बताया कि हटिया स्टेशन पर की गई यह कार्रवाई टीम की सतर्कता और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे परिसर को नशा मुक्त बनाना प्राथमिकता है और इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

