हजारीबाग में पशु तस्करी के आरोप में पूर्व मुखिया समेत तीन गिरफ्तार, 13 मवेशी बरामद

हजारीबाग के बड़कागांव में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सिरमा पंचायत के पूर्व मुखिया मोहम्मद वाजिद अली समेत तीन गिरफ्तार, 13 मवेशी बरामद।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hazaribagh News : हजारीबाग जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बड़कागांव पुलिस ने सिरमा पंचायत के पूर्व मुखिया मोहम्मद वाजिद अली समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिरमा गांव निवासी मोहम्मद आरिफ और मुकम्मल हुसैन भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मवेशियों को बरामद किया है। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 18 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिरमा गांव से कुछ लोग 10 से 15 बछिया और बैलों को लेकर कदमाडीह-ढेंगा के रास्ते सुकुलखपिया की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक विशेष छापेमारी टीम गठित की।

इसके बाद पुलिस टीम बड़कागांव-बादम मुख्य मार्ग पर आईटीआई कॉलेज के पास चिरैया नदी पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही मवेशियों को ले जा रहे लोग भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और मौके से 13 मवेशियों को बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मवेशियों के स्वामित्व और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूर्व मुखिया मोहम्मद वाजिद अली के खिलाफ पहले भी पशु तस्करी में संलिप्तता की सूचनाएं मिलती रही थीं। पुलिस पूर्व में भी इस मामले में कार्रवाई कर चुकी थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बच निकलते थे। इस बार मिली पुख्ता सूचना के आधार पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के साथ एसआई अभिषेक कुमार, रोशन कुमार और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।