
रांची: बुधवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान हजारीबाग की प्रसिद्ध रामनवमी शोभायात्रा में डीजे बजाने पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर जोरदार विरोध और धरना-प्रदर्शन हुआ। हजारीबाग से भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने इस फैसले पर कड़ी नाराजगी जतायी।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी पूरे झारखंड में अपनी भव्यता और परंपरा के लिए जानी जाती है। उन्होंने मांग की कि हजारीबाग की प्रसिद्ध इंटरनेशनल श्री चैत रामनवमी को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया जाए और जुलूसों में डीजे बजाने की अनुमति दी जाए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा डीजे पर रोक लगाना लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। विधायक ने कहा कि अगर प्रशासन अनुमति नहीं देता है, तब भी हजारीबाग में रामनवमी के दौरान हर हाल में डीजे बजाया जाएगा।
दरअसल, जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के मद्देनजर रामनवमी जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर रोक लगाने का फैसला लिया है। प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। साथ ही जुलूस के दौरान ड्रोन, सीसीटीवी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की भी योजना बनाई गई है।
इस बीच, विधानसभा में इस मामले को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।
