रांची : झारखंड के युवाओं के लिए खुशखबरी है। अब राज्य में ही उनके एक्टिंग की ट्रेनिंग के सपने साकार हो सकेंगे। इसे लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए।संस्थान के शुरुआती चरण में शॉर्ट-ड्यूरेशन कोर्स शुरू होंगे, जिनमें साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “जे नाची से बाची” केवल एक कहावत नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और प्रशिक्षण देने की है। JFTI इसी दिशा में युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगा।


