
West Bengal Elections : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब पड़ोसी राज्यों में चुनावी प्रचार को लेकर सक्रिय होने जा रहे हैं। हाल ही में असम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के लिए प्रचार करने के बाद अब उनके पश्चिम बंगाल में भी सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थन में चुनावी अभियान में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए पश्चिम बंगाल में वे जल्द ही कई जनसभाएं कर सकते हैं। इन सभाओं के जरिए वे TMC के पक्ष में वोट मांगते हुए चुनावी अभियान को धार देने का काम करेंगे।
पिछले विधानसभा चुनावों में भी हेमंत सोरेन ने TMC के समर्थन में प्रचार किया था, जिसका असर कुछ आदिवासी बहुल क्षेत्रों में देखने को मिला था। इस बार भी पार्टी को उम्मीद है कि उनका प्रचार प्रभावी साबित हो सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, उनके साथ उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी प्रचार अभियान में शामिल हो सकती हैं। दोनों मिलकर झारखंड की सीमावर्ती और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सभाएं कर राजनीतिक समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगे।
हालांकि अभी आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सभी दल इस संभावित दौरे पर नजर बनाए हुए हैं।

