
Hemant Soren : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी ने रांची में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने इसे सिर्फ औपचारिक बैठक न बताते हुए एक आत्मीय और पारिवारिक भेंट करार दिया। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात छोटे भाई द्वारा बड़े भाई से मिलने जैसी रही।
बैठक में राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रही योजनाओं, जनकल्याणकारी पहलों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और आम जनता तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता जताई।
इस मौके पर इरफ़ान अंसारी ने अपने सोशल मीडिया के जरिए यह भी कहा कि कुछ लोग अफवाहें फैलाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सरकार का उद्देश्य स्पष्ट रूप से जनहित और विकास है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राहुल गांधी और हेमंत सोरेन जैसे नेता जनहित, न्याय और विकास के साझा लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं और राज्य को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

