Himanshu Singh Murder Case : चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस विभाग के भीतर जवाबदेही तय करने की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी, सरायकेला की एसपी और बिष्टुपुर थाना प्रभारी के बाद अब CCR डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर भी जांच के दायरे में आ गए हैं। उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जमशेदपुर सिटी एसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर रांची जोन के आईजी सह एडीजी (सीआईडी) ने डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश पुलिस मुख्यालय को भेजी थी। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने भी अनुशंसा स्वीकार करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए अपना प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया है।
जांच रिपोर्ट में डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बावजूद उन्होंने समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। यह भी आरोप है कि बिष्टुपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने के दौरान वे समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंचे और उनके पर्यवेक्षण में गंभीर कमी पाई गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए जाने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े और वे बड़ी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। इसी आधार पर उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
अब इस मामले में अंतिम निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाएगा। यदि अनुशंसा को मंजूरी मिलती है, तो डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


