रांची: झारखंड के डॉक्टरों की समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों पर व्यापक विचार-विमर्श करने के लिए एक राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन किया जा रहा है। टीम आईएमए झारखंड द्वारा आयोजित यह महत्वपूर्ण बैठक रविवार 27 सितंबर को सुबह 11:30 बजे से रांची स्थित आईएमए हॉल में आयोजित होगी। “एकजुट चिकित्सा समुदाय, मजबूत झारखंड” के संदेश के साथ बुलाई गई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संवाद, समन्वय और साझा संकल्प के जरिए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाना है।

इस राज्य स्तरीय बैठक में झारखंड के सभी जिलों से सरकारी और निजी क्षेत्रों के चिकित्सक, जूनियर डॉक्टर, निजी अस्पतालों व नर्सिंग होम के संचालक, मेडिकल कॉलेजों के छात्र, महिला चिकित्सक तथा विभिन्न चिकित्सा संगठनों की जिला इकाइयों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। आयोजन से जुड़े प्रमुख सहभागी संगठनों में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), झासा (JHASA), आईएमए एचबीआई (IMA HBI), एएचपीआई (AHPI), जूनियर डॉक्टर्स नेटवर्क (JDN), जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA), आईएमए वूमेन्स विंग और मेडिकल स्टूडेंट नेटवर्क (MSN) शामिल हैं।
बैठक के दौरान चिकित्सकों के समक्ष आ रही वर्तमान सुरक्षा, प्रशासनिक और व्यावसायिक चुनौतियों पर प्रमुखता से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा चिकित्सा समुदाय की लंबे समय से लंबित मांगों, सरकारी व निजी क्षेत्र के डॉक्टरों के मुद्दों, जूनियर डॉक्टरों की कार्यस्थल संबंधी समस्याओं और निजी अस्पतालों तथा नर्सिंग होम के सामने आ रही चुनौतियों पर भी मंथन किया जाएगा। साथ ही, मेडिकल छात्रों के विषयों, महिला चिकित्सकों की विशेष समस्याओं, जिला स्तर पर आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में चिकित्सा समुदाय की भूमिका पर विचार-विमर्श होगा। इन सभी लंबित मुद्दों के समाधान के लिए सरकार और संबंधित विभागों के साथ प्रभावी ढंग से संवाद की दिशा तय करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। आयोजकों ने राज्य भर के चिकित्सा समुदाय से इस बैठक में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।


