रांची फार्म हाउस में धौनी का सपना हो रहा साकार, डेनमार्क की तर्ज पर तैयार हो रहीं ज्यादा दूध देने वाली नई नस्ल की गाय, किसानों को करेंगे दान

News Aroma Media
4 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: भारतीय टीम के कैप्टन कूल रहे और रांची के युवराज महेन्द्र सिंह धौनी जल्द ही झारखंड के किसानों को फ्री में गायें बांटने वाले हैं।

इस पर उन्होंने अपना काम भी शुरू कर दिया है। सेम्बो में उनका फार्म हाउस है, जहां माही का सपना साकार हो रहा है। यानी नई नस्ल की गाय तैयार की जा रही है।

बताया जा रहा कि डेनमार्क की गायों की तरह यहां नई नस्ल की गाय तैयार की जा रही हैं। बाद में इन गायों को मुफ्त में झारखंड के किसानों को माही भेंट करेंगे।

माही ने इस योजना को अभी सर्वाजनिक नहीं किया है। इसे अभी गुप्त रखा है, लेकिन उनके यहां काम करने वालों की मानें तो जब फार्म हाउस तैयार किया जा रहा था तभी धौनी ने यह विचार व्यक्त किया था कि वे ऐसी गाय की नस्ल चाहते हैं, जो दूध अधिक दें, ताकि यहां के किसानों को इससे अधिक लाभ मिल सके।

इसके लिए वे अपने एक मित्र पशु डाॅक्टर की मदद भी ले रहे हैं। माही की योजना है कि यह नस्ल डेनमार्क की गायों की तरह होगी जो भरपूर दूध देती हैं।

फार्म हाउस में 105 गायें

बताया जाता है कि नई नस्ल की गाय तैयार होने के लगभग एक साल बाद धौनी किसानों को गाय बांटेंगे। जिन किसानों को गाय देंगे उसका पूरा विवरण अपने पास रखेंगे।

बीच-बीच में जाकर खुद ही गायों की स्थिति की जानकारी भी लेंगे। जो किसान इन गायों को सही तरीके से नहीं रख सकेंगे, उनसे गाय वापस ले लेंगे। धौनी के फार्म हाउस में अभी लगभग 105 गायें हैं। इसमें फ्रांस की फ्रीजियन, साहीवाल, पंजाब के साथ-साथ स्थानीय गायें भी शामिल हैं।

जैविक खेती भी कर रहे माही

सैम्बो स्थित फार्म हाउस में धौनी जैविक खेती कर रहे हैं। अभी उनके खेत का टमाटर और गोभी बाजार में उपलब्ध है। टमाटर और गोभी दोनों क्रमश: 40-40 रुपये किलो बिक रहे हैं।

जल्द ही मटर की फसल भी बाजार में उपलब्ध होगी। शहर में छह स्थानों पर माही ने अपना सेंटर बना रखा है, जहां से अपनी सब्जी की बिक्री कर रहे हैं।

कड़कनाथ मुर्गा की होने लगी है मांग

अपने फार्म हाउस में धौनी मछली और मुर्गी पालन भी कर रहे हैं। उनके द्वारा पाले जा रहे कड़कनाथ मुर्गे की मांग अभी से होने लगी है। फार्म हाउस में काम करने वाले बता रहे हैं कि लोग अभी से कड़कनाथ के संबंध में पूछ रहे हैं।

अधिकतर लोग यह जानना चाहते हैं कि कड़कनाथ कब बाजार में उपलब्ध होगा। धौनी के फार्म हाउस की गायों की देखभाल करने वाले डाक्टर व‍िश्‍वनाथ ने बताया कि सभी काम योजना के अनुसार हो रहा है।

बाजार जा रहा 300 लीटर दूध

अभी बाजार में तीन सौ लीटर दूध जा रहा है। कई काम अभी होने हैं, समय पर जानकारी दी जाएगी। रांची के रातू रोड की रहने वाली प्रभा वर्मा कहती हैं कि माही के फार्म हाउस का दूध और सब्जी काफी उन्नत किस्म के होते हैं।

खाने में टेस्टी लगते हैं। स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं। यही वजह है कि वह उनके फार्म हाउस के उत्पाद को पसंद करती हैं।

Share This Article