सानो (जापान) : जापान की क्रिकेट टीम ऐतिहासिक टी20 मुकाबले में मंगलवार को मौजूदा चैम्पियन भारत का सामना करेगी तो यही उम्मीद होगी कि इस मैच का असर बेसबॉल के दीवाने इस देश में मैदान से बाहर तक नजर आये । इस मैच की घोषणा हाल ही में की गई और यह भारत . जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं सालगिरह के उपलक्ष्य में खेला जायेगा । भारत मौजूदा विश्व चैम्पियन है और जापान 41वीं रैंकिंग पर है लिहाजा यह बेमेल सा ही मुकाबला है जिसे आइची नागोया में एशियाई खेलों के बीच आयोजित किया जा रहा है । आंकड़ों से इतर बात करें तो इस मैच के जरिये जापान के क्रिकेटरों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों से खेलने का मौका मिलेगा ।
इस ऐतिहासिक मैच पर तूफान का खतरा मंडरा रहा है लेकिन अगर एक भी गेंद नहीं फेंकी जाती है तो भी तय मैच उस देश में असर डालेगा जहां क्रिकेट हाशिये से निकलकर बेसबॉल की तरह मुख्यधारा में शामिल होने की कोशिश कर रहा है। जापान क्रिकेट संघ के सीओओ एलेन कर ने मैच से पहले कहा : ‘‘ जापान क्रिकेट की पृष्ठभूमि में कई सालों से बहुत कुछ चल रहा है और अब यह बहुत अच्छा है कि हम समुद्र तल से ऊपर है और हम असल में कुछ और लोगों को दिखाई दे रहे हैं।‘‘ उन्होंने कहा ,‘‘ हम काफी सफलता अर्जित कर चुके हैं । भारतीय टीम खेलने को राजी हुई और यहां मैं आपसे बात कर रहा हूं और कल काफी जापानी मीडिया इस खेल के बारे में और जानने आ रहा है, इसके मायने हैं कि हम सफल हो चुके हैं ।’’
यह मैच तोक्यो से सौ किलोमीटर दूर सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जायेगा जहां भारतीय टीम रविवार को पहुंची । जापान के अधिकांश क्रिकेटर स्थानीय है और देश में खेल के विकास के लिये वे दक्षिण एशियाई मूल के लोगों पर निर्भर नहीं है । जापान के कप्तान केंडेल काडोवाकी फ्लेमिंग ने कहा ,‘‘यह बहुत बड़ा मौका है लेकिन हम जश्न मनाने के लिये ही नहीं खेल रहे हैं बल्कि यह दिखाना चाहते हैं कि जापान की पुरूष टीम क्या कर सकती है ।’’ श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम एशियाई खेलों में 28 सितंबर को पहला मुकाबला खेलेगी । फोकस एक बार फिर 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी पर रहेगा जो एशियाई खेलों में भारतीय दल के सबसे युवा सदस्य हैं ।
टीमें :
भारत : श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, ईशान किशन, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, विपराज निगम, वैभव सूर्यवंशी ।
जापान : केंडेल काडोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान ), चार्ली हारा हिंजे, बेंजामिन इतो डेविस, एलेस्टर काडोवाकी फ्लेमिंग, कोहेइ कुबोटा, जेक कुसुडा एन, वातारू मियाउची, रियो साकुरानो थॉमस, एलेक्स शिराइ पी, शोमा सुगाया स्लेटर, डेकलान सुजुकी मैकॉम्ब, सुयोषी ताकाडा, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोतो तानियामा, लाचलान यामामोतो लेक ।
मैच का समय : सुबह 9 . 30 से ।


