
रांची : भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति अपनी जिम्मेदारी को सख्ती से निभाते हुए पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में घटिया भोजन पर बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे मंत्रालय ने आईआरसीटीसी और भोजन तैयार करने वाली कंपनी पर कुल 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जानकारी के अनुसार, 15 मार्च को ट्रेन संख्या 21896 में यात्रा कर रहे यात्री रितेश कुमार ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि परोसा गया खाना बेहद खराब था और खासकर अमूल दही में कीड़ा पाया गया। जब उन्होंने ट्रेन स्टाफ को इस बारे में बताया, तो उन्हें यह जवाब मिला कि यह “केसर” है।
यात्री की शिकायत पर रेलवे ने तुरंत जांच कराई। जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद रेलवे ने आईआरसीटीसी पर 10 लाख रुपये और भोजन तैयार करने वाली सर्विस प्रोवाइडर कंपनी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा, सर्विस प्रोवाइडर कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट तुरंत रद्द कर दिया गया।
रेल मंत्रालय ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए भी साझा की। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। यात्रियों को भरोसा दिलाते हुए रेलवे ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी और गुणवत्ता जांच जारी रहेगी।
