श्रीनगर हवाई अड्डे पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो का विमान, कोई हताहत नहीं

नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंचा इंडिगो विमान पार्किंग के दौरान खंभे से टकरा गया। विमान को नुकसान हुआ, लेकिन सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

श्रीनगर: नवी मुंबई से श्रीनगर के बीच संचालित होने वाला इंडिगो का एक विमान शुक्रवार को श्रीनगर हवाई अड्डे पर पार्किंग के दौरान एक खंभे से टकरा गया। हादसे में विमान को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने एक बयान में कहा कि उड़ान संख्या 6ई 225 (वीटी-एनओजी) को सुबह नौ बजकर दो मिनट पर ‘बे’ नंबर छह पर खड़ा किया जा रहा था और इसी दौरान विमान ‘विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम’ (वीडीजीएस) के खंभे से टकरा गया। हवाई अड्डे पर ‘बे’ वह निश्चित स्थान या क्षेत्र होता है जहां विमान को खड़ा किया जाता है।

एएआई ने बयान में कहा, ‘‘सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।’’ इसने कहा कि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से उतरने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया। एएआई ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जांच करेंगे। बयान में कहा गया, ‘‘जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारण का पता चलेगा और इस स्तर पर कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है।’’ इसमें कहा गया कि हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य रहा और उड़ानों का आगमन तथा प्रस्थान निर्धारित समय के अनुसार जारी रहा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।