झारखंड में नए सैटेलाइट टाउनशिप की तैयारी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को दिया कार्ययोजना बनाने का निर्देश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्मार्ट सिटी और ग्रेटर रांची की समीक्षा की। राज्य के शहरी जिलों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) और रांची स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े भूमि संबंधी कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में राज्य के सुनियोजित शहरी विकास और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरों के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी की तर्ज पर राज्य के अन्य शहरीकृत जिलों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए। इसके लिए उपलब्ध भूमि, कनेक्टिविटी, आधारभूत संरचना, नागरिक सुविधाओं, रोजगार के अवसर और भविष्य की आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

रांची स्मार्ट सिटी के विस्तार पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने रांची स्मार्ट सिटी के वर्तमान स्वरूप और उपलब्ध संसाधनों का आकलन कर भविष्य में इसके विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए रांची के दीर्घकालिक एवं संतुलित विकास के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से काम करना जरूरी है। बैठक में HEC के साथ भूमि सहित अन्य विषयों पर भविष्य में वार्ता किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को सभी संबंधित पहलुओं का अध्ययन कर आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश दिया गया।

शहरी विकास के साथ रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरीकरण को केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। आधुनिक शहरों में बेहतर बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षित वातावरण, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवाओं के साथ रोजगार, निवेश, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को भूमि संबंधी कार्यों सहित सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाने, आपसी समन्वय बनाए रखने और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, राजस्व विभाग के सचिव चंद्रशेखर, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित स्मार्ट सिटी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।