रांची : झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा JTET 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एक नवंबर को राज्यभर के 986 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी रोकने और व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा कार्य में लगाए जाने वाले शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की 31 अक्टूबर और एक नवंबर की आकस्मिक छुट्टियां और लंबे अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। सभी जिलों के उपायुक्तों को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी करने को कहा गया है।

जैक के सचिव सच्चिदानंद दिव्येंदु तिग्गा ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आठ बिंदुओं पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा की समीक्षा के लिए उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों की बैठक होगी। सरकारी शिक्षक भी बड़ी संख्या में परीक्षा में शामिल होंगे, इसलिए वीक्षकों की कमी दूर करने के लिए सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को लगाया जाएगा। नकल रोकने के लिए साइबर सेल सक्रिय करने, पुलिस पेट्रोलिंग और स्टैटिक दंडाधिकारियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।


