बेची हुई कार को जीपीएस, पुरानी चाबी की मदद से चुराने वाला व्यक्ति और उसका दोस्त गिरफ्तार

दिल्ली में बेची गई सेडान कार को जीपीएस और पुरानी चाबी से चुराने के आरोप में दो व्यक्ति गिरफ्तार हुए। पुलिस ने कार और 89,500 रुपये नकद बरामद किए।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : अपनी सेडान कार बेचने के बाद एक व्यक्ति ने उस गाड़ी में पहले से लगे स्थान दर्शाने वाले उपकरण (जीपीएस) और अपने पास मौजूद तीसरी चाबी की मदद से उसे वापस चुराने की साजिश रची, जिसमें उसका एक दोस्त भी शामिल था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों योगेश दहिया और साहिल रोहिल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी की कार और 89,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा आठ अक्टूबर को दिलशाद गार्डन इलाके में कार खड़ी किए जाने के महज चार मिनट के भीतर ही वह चोरी हो गई थी। गाड़ी के अंदर दो लाख रुपये रखे थे।

मामले की सूचना मिलने और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद, पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ‘फास्टैग’ के विवरण का विश्लेषण किया। इसके जरिए वाहन के वर्तमान में हरियाणा के सोनीपत में मौजूद होने का संकेत मिला, जहां कार के पंजीकृत मालिक योगेश दहिया की पहचान संदिग्ध के रूप में हुई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘दहिया ने जीपीएस उपकरण की मदद से कार के वर्तमान स्थान (लोकेशन) का पता लगाया और फिर अपने दोस्त रोहिल्ला के साथ मिलकर अपने पास रखी पुरानी चाबी का इस्तेमाल कर कार चुरा ली। बाद में पकड़े जाने से बचने के लिए वाहन को रोहिल्ला के पास छिपाकर रखा गया था।’’
पुलिस ने दहिया के घर से 39,500 रुपये और रोहिल्ला के पास से 50,000 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान रोहिल्ला ने बताया कि उसने चोरी की रकम में से 25,000 रुपये खर्च कर दिए थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।