रांची: झारखंड में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा देने वाले छात्रों को अब पहले से ज्यादा फीस चुकानी होगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने परीक्षा-2027 के लिए अलग-अलग श्रेणियों के परीक्षा शुल्क में 120 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। जैक ने इससे जुड़ी जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। बताते चलें कि जैक ने लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क बढ़ाया है। पिछले दो वर्षों में परीक्षा शुल्क में करीब 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। इस बार मैट्रिक और इंटर के रेगुलर के साथ-साथ प्राइवेट परीक्षार्थियों के शुल्क में भी इजाफा किया गया है। पिछले साल भी परीक्षा शुल्क के अलावा पंजीयन समेत अन्य मदों के शुल्क बढ़ाए गए थे।

शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि फिलहाल कार्यालय बंद है। इस वजह से अभी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सकते। कार्यालय खुलने के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकेगा। हर साल मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में करीब 7.50 लाख विद्यार्थी शामिल होते हैं। इनमें लगभग 4.25 लाख मैट्रिक और 3.25 लाख इंटर के परीक्षार्थी होते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे विद्यार्थियों की है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे में परीक्षा शुल्क बढ़ने से इन परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

मैट्रिक-इंटर परीक्षा शुल्क में कितनी हुई बढ़ोतरी?
छात्राओं को अब न्यूनतम 1,100 और 1,300 रुपये, जबकि अधिकतम 1,600 और 1,800 रुपये तक शुल्क देना होगा। सामान्य वर्ग और ईडब्ल्यूएस के छात्रों को बिना विलंब शुल्क के 1,300 रुपये और विलंब शुल्क के साथ 1,800 रुपये देने होंगे। ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम शुल्क 1,300 रुपये और अधिकतम 1,600 रुपये होगा।
इंटर परीक्षा:
छात्राओं के लिए परीक्षा शुल्क 1,220 रुपये से लेकर अधिकतम 2,020 रुपये तक रखा गया है। सामान्य वर्ग और ईडब्ल्यूएस के छात्रों को बिना विलंब शुल्क के 1,520 रुपये और विलंब शुल्क के साथ 2,020 रुपये देने होंगे।


