देवघर में अवैध कोयला तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 टन कोयला लदा ट्रक जब्त; थाना प्रभारी सस्पेंड

देवघर के मधुपुर में पुलिस ने 24 टन अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त किया और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में डीआईजी ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार को निलंबित कर दिया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Deoghar News: देवघर जिले में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मधुपुर थाना क्षेत्र में करीब 24 टन अवैध कोयला लदा ट्रक पकड़े जाने के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई हुई है। मामले में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस डीआईजी ने मधुपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस को देखकर भागने लगा ट्रक चालक

जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर को पुलिस गश्ती के दौरान मधुपुर थाना क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने लखनुआ गांव के पास संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही 14 चक्का ट्रक का चालक वाहन लेकर भागने लगा।

पुलिस ने पीछा किया तो ठेठवाजोर जोरिया पुल के पास ट्रक फंस गया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

ट्रक से बरामद हुआ 24 टन कोयला

पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें करीब 23 से 24 टन कोयला लदा मिला। जांच के दौरान कोयले के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को जब्त कर लिया और कोयले को भी अपने कब्जे में ले लिया।

जब्त ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर NL-01-AC-4638 बताया गया है।

छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी

इस मामले में एएसआई बागुन मार्डी की शिकायत पर मधुपुर थाने में कांड संख्या 228/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने विजय राय, अंकित राय, मोहम्मद फारूख, राहुल सिंह, मोहम्मद मताउद्दीन और मोहम्मद फैसल को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी निलंबित

अवैध कोयला कारोबार के मामले में पुलिस डीआईजी ने मधुपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार को निलंबित कर दिया है। बताया गया है कि यह कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लगा पाने के आरोप में की गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कोयला कहां से लोड किया गया था, इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।