
बाजार से शुरू हुआ विवाद घर तक पहुंचा

लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार और पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के अनुसार, गुनी भूइयां को शराब पीने की लत थी। घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी के साथ स्थानीय बाजार गया था। बाजार जाने और वापस लौटने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होता रहा।
रसोई में हुई घटना के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि सोमवार की रात मनतोरवा देवी घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर शराब के नशे में धुत गुनी भूइयां रसोई में पहुंचा। वहां दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान गुनी ने खाना बनाने वाली जगह पर ही शौच कर दिया। इस बात से नाराज होकर उसकी पत्नी ने पास में रखे धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में गुनी भूइयां की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का आरोप है कि इस वारदात में बेटे कैलू भूइयां ने भी अपनी मां का साथ दिया।
घटना के बाद फरार हुए मां-बेटे, पुलिस ने किया गिरफ्तार
वारदात के बाद दोनों आरोपी गांव से फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने पर पांकी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पत्नी मनतोरवा देवी और बेटे कैलू भूइयां को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को भी बरामद करने की जानकारी दी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले का खुलासा त्वरित अनुसंधान और छापेमारी के आधार पर किया गया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।


