सिमडेगा में सोशल मीडिया की दोस्ती का खौफनाक अंजाम, युवती की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सिमडेगा में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद युवती की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सलीम तिर्की को गिरफ्तार कर मोबाइल और अन्य साक्ष्य बरामद किए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले में युवती की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोलबा थाना क्षेत्र के रेंगारबहार गिरजाटोली स्थित लुकड़ी जंगल में मिले युवती के शव के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सलीम तिर्की (26) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इसी गांव का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हॉस्टल से घर जाने के लिए निकली थी युवती

एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि युवती 6 नवंबर को सिमडेगा स्थित आदिवासी हॉस्टल से अपने घर केरसई करमटोली जाने के लिए निकली थी। लेकिन वह घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच 8 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए उन्हें लुकड़ी जंगल में युवती का शव पड़े होने की जानकारी मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों की लिखित शिकायत पर बोलबा थाना में कांड संख्या 24/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/238 में प्राथमिकी दर्ज की गई।

सोशल मीडिया पर हुई थी आरोपी से दोस्ती

पुलिस जांच में पता चला कि युवती की पहचान आरोपी सलीम तिर्की से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को मिलने के लिए राउरकेला बुलाया था। 6 नवंबर को आरोपी ने युवती को अपने पास रखा।

इसके बाद 7 नवंबर को घर पहुंचाने का बहाना बनाकर वह युवती को बोलबा थाना क्षेत्र के रेंगारबहार स्थित लुकड़ी जंगल ले गया।

जंगल में विवाद के बाद हत्या का आरोप

एसडीपीओ के मुताबिक, आरोपी ने जंगल में युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद अन्य लड़कों के साथ प्रेम संबंध होने के शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सलीम तिर्की ने युवती को चट्टान से नीचे धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

सबूत मिटाने की भी कोशिश

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने पहचान और साक्ष्य छिपाने के इरादे से युवती का मोबाइल फोन और आधार कार्ड तोड़कर जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों सामान बरामद कर लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।