रांची : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ इन दिनों चर्चा में है। इस किताब को लेकर झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी अपनी दिलचस्पी जाहिर की है। उन्होंने यह किताब खरीदी है और सोनिया गांधी को अपना आदर्श एवं प्रेरणास्रोत बताया है।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का कहना है कि वह बचपन से ही सोनिया गांधी की प्रशंसक रही हैं। सोनिया गांधी ने विपरीत परिस्थितियों में राजनीति में कदम रखा और कई बड़ी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। उनका यह सफर शिल्पी नेहा तिर्की को काफी प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि जब जीवन में कोई जिम्मेदारी आपके कंधों पर आती है, तो उससे पीछे नहीं हटना चाहिए, बल्कि उसे स्वीकार कर पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
शिल्पी नेहा तिर्की ने इस किताब को केवल राजनीतिक नजरिये से नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्ष, अनुभव और जीवन की चुनौतियों के नजरिये से पढ़ने की अपील की। उनके मुताबिक, इस किताब में सोनिया गांधी के राजनीतिक सफर के साथ-साथ उनके व्यक्तिगत अनुभवों और संघर्षों की भी झलक देखने को मिलती है।
मंत्री ने कहा कि यह किताब किसी राजनीतिक पक्ष या विपक्ष तक सीमित नहीं है, बल्कि हर उस महिला के संघर्ष और हौसले को दर्शाती है, जो पारिवारिक और सामाजिक चुनौतियों के बीच अपनी जिम्मेदारियों को निभाती है।
उन्होंने खास तौर पर महिलाओं से इस किताब को पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि सोनिया गांधी का जीवन और उनका संघर्ष महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हो सकता है।


