राजस्थान : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने होटल में आत्महत्या की

जयपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय युवक ने होटल में कथित आत्महत्या की। सोशल मीडिया संदेश में माता-पिता की उम्मीदों पर खरा न उतरने की बात कही।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जयपुर: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 साल के युवक ने जयपुर के एक होटल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह कदम उठाने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में कहा कि वह अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात वैशाली नगर इलाके में खातीपुरा के पास एक होटल में हुई।

उसने बताया कि मृतक की पहचान राकेश के तौर पर हुई है, जो जयपुर ग्रामीण के नरैना का रहने वाला था और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए जयपुर में पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास में रह रहा था।

वैशाली नगर के थानाधिकारी महेश तिवारी के अनुसार, राकेश ने रविवार को होटल में कमरा बुक कराया था। बताया जाता है कि उसने होटल के कर्मचारियों से कहा था कि उसके दोस्त उससे मिलने आएंगे और वह चेक-आउट करते समय 1,000 रुपये का किराया चुका देगा।

पुलिस ने बताया कि बाद में उसने सोशल मीडिया पर संदेश लिखा, जिससे पता चला कि वह अपनी जान देने का इरादा रखता है।

पुलिस के मुताबिक, पोस्ट देखने के बाद राकेश के चचेरे भाई मंगल चंद ने कई बार फोन पर उससे संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि, राकेश ने फोन नहीं उठाया और बाद में अपना मोबाइल बंद कर दिया।

पुलिस के अनुसार, राकेश अपने बैग में रस्सी लेकर गया था, जिसका इस्तेमाल उसने कथित तौर पर फंदे के रूप में किया।

पुलिस ने बताया कि राकेश को खोजते हुए मंगल दो-तीन परिचितों के साथ होटल पहुंचा। यह पता चलने पर कि राकेश होटल में ठहरा हुआ है, उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया।

पुलिस ने बताया कि जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने ताला तोड़ दिया और राकेश को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। उसने कहा कि मामले की जांच जारी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।