


मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई कार्यक्रम से पहले सुरक्षा में सेंध की कोशिश का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से दो लोगों को हिरासत में लिया है।





PMO का फर्जी आईडी मिला
इंडिया टुडे के मुताबिक, हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति की पहचान रोहन पारिख के तौर पर हुई है। आरोप है कि वह खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बता रहा था। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास कथित तौर पर फर्जी PMO पहचान पत्र मिला। जांच में पहचान पत्र फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने रोहन पारिख को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
बॉडीगार्ड के पास से बंदूक बरामद
रोहन पारिख के साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास से बंदूक बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है। मुंबई क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों फर्जी पहचान पत्र और हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने की कोशिश क्यों कर रहे थे। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के BKC स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में Global Fintech Fest 2026 के कार्यक्रम में पहुंचने से पहले हुई।
फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के पीछे उनकी क्या मंशा थी।
