
रांची : जमशेदपुर के बिरसानगर में कई परिवारों का वर्षों पुराना सपना उस समय पूरा हो गया, जब प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित किफायती आवास परियोजना के लाभुकों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं। इस अवसर पर आयोजित आवास हस्तांतरण और गृहप्रवेश कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने लाभुक परिवारों को नए घर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का लक्ष्य हर परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के सपनों को साकार करने का माध्यम बनी है। इस योजना के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है।

समारोह में लाभुकों को आवास की चाबियां सौंपने के साथ-साथ गृहप्रवेश की रस्म भी संपन्न कराई गई। अपने नए घर में प्रवेश करते समय कई परिवारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लाभुकों ने इस अवसर पर केंद्र सरकार और योजना से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा दास साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और खुशी से भरा रहा।

