
Dishom Guru Memorial Library : जमशेदपुर के साकची स्थित स्ट्रेट माइल रोड क्षेत्र में अत्याधुनिक जिला स्तरीय ‘दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी’ का भव्य उद्घाटन बुधवार को किया गया। इस मौके पर मंगल कालिंदी, पूर्णिमा साहू, पूर्व विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह और उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि यह लाइब्रेरी शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के छात्रों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मील का पत्थर साबित होगी।
वहीं पूर्णिमा साहू ने इसे शहर के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल बताते हुए कहा कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को भी मुफ्त में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
पूर्व विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए समाज के सभी वर्गों से लाइब्रेरी के संचालन में सक्रिय सहयोग की अपील की।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जानकारी दी कि वर्तमान में लाइब्रेरी में करीब 8,000 पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिन्हें जल्द बढ़ाकर 30,000 तक किया जाएगा। यहां इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, विज्ञान, सामान्य ज्ञान और प्रतिष्ठित लेखकों की किताबें रखी गई हैं। इसके साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी, पुस्तक दुकान, मल्टीपर्पज हॉल, कॉफी शॉप और एटीएम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
करीब 22,500 वर्ग फीट में बने इस बहुमंजिला भवन को छात्रों और पुस्तक प्रेमियों के लिए एक समर्पित अध्ययन केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। भवन में लिफ्ट, अग्निशमन प्रणाली और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। प्रथम तल पर रीडिंग रूम और लाइब्रेरी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर डिजिटल लाइब्रेरी, अध्ययन कक्ष और विज्ञान केंद्र स्थापित किए गए हैं। चौथे तल पर वातानुकूलित सभागार भी बनाया गया है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र और शहरवासी उपस्थित रहे।
