जमशेदपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी की अलग-अलग टीमों ने बिष्टुपुर के कांट्रैक्टर्स एरिया स्थित आवास के अलावा बर्मामाइंस, जुगसलाई और आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित परिसरों में तलाशी ली। तलाशी के दौरान ईडी की टीम ने वित्तीय लेनदेन, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जाने की भी जानकारी है। सुरक्षा के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई करीब 750 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले, टैक्स चोरी और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जांच के तहत की गई है। आरोप है कि बोगस कंपनियों के माध्यम से फर्जी बिलिंग और गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेने का मामला सामने आया है। हालांकि, ईडी की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
पहले भी 55.66 करोड़ के मामले में हुई थी कार्रवाई
ज्ञानचंद जायसवाल पर पहले भी करीब 55.66 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इससे पहले 7 अगस्त 2025 को भी उनके ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी। अब ईडी ने नए सिरे से जांच का दायरा बढ़ाते हुए कई परिसरों में तलाशी ली है।


