जमशेदपुर : शहर में अवैध भवन निर्माण का मामला एक बार फिर गरमा गया है। झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद अवैध भवन निर्माण जारी रहने का आरोप लगाते हुए जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने जिला प्रशासन, टाटा स्टील और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।उन्होंने पूछा है कि आखिर हाईकोर्ट के फैसले के बाद भी अवैध निर्माण करने वाले बिल्डरों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई?

विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में अवैध भवन निर्माण के विरुद्ध दायर मुकदमे में झारखंड उच्च न्यायालय ने जिस दिन अवैध निर्माण हटाने का निर्णय सुनाया, उसके बाद भी बिल्डरों ने निर्माण कार्य जारी रखा। उन्होंने ऐसे बिल्डरों को मोटी चमड़ी वाला बताते हुए उनकी मनमानी पर सवाल खड़े किए।

सरयू राय ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, टाटा स्टील और जेएनएसी को अपने संदेश में टैग करते हुए पूछा कि न्यायालय के आदेश के बाद भी अवैध भवन निर्माण करने वालों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है। उनका सवाल है कि जब हाईकोर्ट का आदेश आ चुका है तो फिर निर्माण कार्य जारी रहने और जिम्मेदार बिल्डरों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति कैसे बनी हुई है? विधायक के इस बयान से शहर में अवैध भवन निर्माण और उस पर निगरानी रखने वाली एजेंसियों की जवाबदेही का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन, टाटा स्टील और जेएनएसी इस सवाल पर क्या जवाब देते हैं और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई को लेकर क्या कदम उठाते हैं।


