
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के कृष्ण नगर से एक दुखद खबर सामने आई है। जहां 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की जानकारी शुक्रवार शाम परिजनों को मिली। जानकारी मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया और पुलिस मामले की जांच में लगी है।
मृतक युवक का नाम पीयूष कुमार बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 23 वर्ष थी। परिवार में शोक का माहौल है। परिवार वालों ने बताया कि पीयूष घर का इकलौता बेटा था। वह गुजरात की एक कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन कुछ महीने पहले जमशेदपुर लौटा था। इसके बाद वह अपने माता-पिता और बहन के साथ कृष्ण नगर स्थित अपने घर में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि पीयूष नौकरी की तलाश कर रहा था। लंबे वक्त से नई नौकरी नहीं मिलने के कारण वह मानसिक तनाव में था। घरवालों का मानना है कि यही कारण है कि युवक ने यह कदम उठाया। जबकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारण को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मानगो थाना पुलिस अभी जांच में जुटी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

