जामताड़ा DC का बैंकों पर सख्त रुख, खराब प्रदर्शन पर सरकारी खाते बंद करने की चेतावनी

जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों को चेताया, कहा- एक महीने में सुधार नहीं हुआ तो सरकारी खाते हटाकर बेहतर बैंकों में ट्रांसफर किए जाएंगे।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamtara DC : जामताड़ा उपायुक्त आलोक कुमार ने जिले में बैंकों के खराब प्रदर्शन पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि एक महीने के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो कमजोर प्रदर्शन करने वाले बैंकों से सरकारी खाते और सरकारी राशि हटाकर बेहतर कार्य करने वाले बैंकों में स्थानांतरित कर दी जाएगी।

त्रैमासिक जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में उपायुक्त ने बैंकिंग सेवाओं, ऋण वितरण और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) अभियान, ऋण वितरण और जिले के बेहद खराब क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) रेशियो को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। समीक्षा के दौरान कई बैंकों का प्रदर्शन कमजोर पाया गया, जबकि कुछ बैंकों का प्रदर्शन शून्य रहने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की।

20 मई तक चल रहे किसान क्रेडिट कार्ड अभियान में अब तक केवल 214 आवेदन प्राप्त होने पर भी डीसी ने चिंता जताई और बिना सूचना बैठक में अनुपस्थित बैंक प्रतिनिधियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बैंकों में जमा राशि लगातार बढ़ रही है, लेकिन ऋण वितरण की गति बेहद धीमी है, जो चिंाजनक है।

बैठक में शिक्षा ऋण, पीएमएफएमई और मुद्रा योजना के तहत ऋण वितरण बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि बैंक पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराएं और अनावश्यक देरी या आनाकानी बंद करें। साथ ही, जिले के उन क्षेत्रों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया जहां अब तक बैंक शाखा या एटीएम की सुविधा नहीं है, ताकि अगले छह महीनों में वहां बैंकिंग सेवाओं का विस्तार किया जा सके।

डीसी आलोक कुमार ने डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने, आरसेटी (RSETI) प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार और आम लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली समीक्षा बैठक में सुधार नहीं दिखने पर संबंधित बैंकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।