झारखंड : बस में सवार व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, गहनों से भरा बैग लेकर चलते बने शूटर

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह: डुमरी व तोपचांची बॉर्डर के पास रविवार अहले सुबह हथियारों से लैस 6 बदमाशों ने बस में सवार एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी।

बस कोलकाता से नवादा (बिहार) जा रही थी और इसी दौरान यह घटना हुई। बस में मृतक के साथ नवादा निवासी उसका एक दोस्त भी था।

घटना के बाद बदमाश व्यवसायी के ज्वेलरी और कपड़ों से भरा बैग लेकर बस से उतरकर पैदल ही भाग निकले।

बैग में कितने की ज्वेलरी थी, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

क्या कहता है बस में सवार मृतक व्यवसायी का दोस्त

मृतक की पहचान अभय कुमार (32) के रूप में की गई। अभय की नवादा में गहनों की दुकान है। उसके साथ कोलकाता से लौट रहे दोस्त मनीष ने बताया कि वो कपड़े का व्यवसाय करता है।

सुबह दोनों ही सो रहे थे। मनीष के अनुसार, अचानक उनकी नींद खुली तो देखा, बस रुकी हुई है।

कुछ नकाब पहने लोग उनके पास खड़े हैं, जबकि दो बदमाशों ने ड्राइवर और खलासी की कनपटी पर रिवॉल्वर सटा रखी है।

व्यवसायी के सीने में मारी थी गोली

मनीष के अनुसार, बदमाश अभय के पास मौजूद बैग छिन रहे थे। पर अभय इसका विरोध कर रहा था।

इसी दौरान बदमाशों ने अभय के सीने में गोली मार दी और ज्वेलरी व कपड़ों से भरा बैग लेकर भाग निकले।

इसके बाद बस ड्राइवर ने अभय और मनीष को भूजाडीह के मीना जेनरल अस्पताल में उतारा और बाकी यात्रियों को लेकर आगे चला गया।

मनीष के अनुसार, उसे यह भी पता नहीं है कि बदमाश बस में पहले से बैठे थे या फिर वो बीच रास्ते में बस पर चढ़े।

Share This Article