
रांची : हजारीबाग एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह जिले के राजधनवार प्रखंड में तैनात एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी इंजीनियर अंकुश कुमार ने मनरेगा से जुड़े काम को आगे बढ़ाने के लिए ₹5,000 की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच शुरू की और फिर जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही इंजीनियर ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हजारीबाग स्थित एसीबी कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने एसीबी को पूरी जानकारी दी थी, जिसके आधार पर टीम ने रणनीति बनाकर यह ट्रैप ऑपरेशन किया। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है।

