रांची-पटना NH-33 पर बस को कंटेनर ने मारी टक्कर, 12 यात्री घायल

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़: रांची-पटना राष्ट्रीय NH-33 पर रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुटूपालु घाटी में सोमवार को एक भीषण हादसा हुआ। बिहार राज्य के सिवान जिले से रांची जा रही बस को चुटूपालु घाटी में एक कंटेनर में जोरदार टक्कर मारी।

इस हादसे में यात्रियों से भरी बस पलट गई और खाई में गिरने से बाल-बाल बची। इस हादसे में किसी के मरने की सूचना नहीं है। लेकिन एक दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

इस मामले की पुष्टि करते हुए रामगढ़ थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि जय मां छिन्नमस्तिके बस (बीआर 29 पी ए 5192) रांची जा रही थी।

घाटी में यह बस जब चढ़ाई चढ़ रही थी, उसी दौरान रांची की ओर से आ रहे कंटेनर (एचआर 61डी 9210) का गड़के मोड़ के पास ब्रेक फेल हो गया।

हाई स्पीड कंटेनर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरे लेन में घुस गई

ब्रेक फेल होने की वजह से कंटेनर की स्पीड काफी अधिक बढ़ गई और वह अनियंत्रित हो गया। हाई स्पीड कंटेनर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरे लेन में घुस गई और बस को टक्कर मार दी।

हादसे में बस पलट गई और वह खाई के किनारे पर पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

जबकि लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों को, जिन्हें हल्की चोटें आई थी, उन्हें दूसरी बस में बिठाकर रांची के लिए रवाना कर दिया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बस को किनारे किया।साथ ही कंटेनर को भी दूसरे स्थान पर ले जाया गया।

लोगों को रेफर किया गया रिम्स

सदर अस्पताल में गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को चिकित्सकों ने रिम्स रेफर कर दिया है। इनमें परशुराम सिंह (43) रांची, राजेश पांडेय (36 ), बिहारशरीफ, शरद प्रकाश (41) सिवान, मोनू कुमार (14 ) यूपी, कमलेश कुमार गिरी (35 ) भागलपुर, प्रमोद कुमार (48 ) नालंदा, मालती देवी पति रामजी सिंह (48 ) रांची, जितेंद्र सिंह (41 ) पटना शामिल हैं।

Share This Article