झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 से, सर्वदलीय बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई नेताओं ने लिया हिस्सा

19 मार्च तक चलेगा झारखंड विधानसभा का बजट सत्र

रांची : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगा। इसे लेकर मंगलवार दोपहर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो के कक्ष में सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत अन्य पार्टियों के विधायक दल के नेता शामिल हुए। विधानसभा में 18 फरवरी को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरूआत होगी। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट 24 फरवरी को सदन में पेश किया जाएगा।

इस बार का सत्र कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि सदन की कार्यवाही को नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के माध्यम से डिजिटल और पेपरलेस बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष-विपक्ष दोनों अपनी-अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। पहले दिन शोक प्रस्ताव भी लिया जाएगा। 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाया जाएगा, जिस पर चर्चा के बाद सरकार जवाब देगी।

20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 की तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी सदन में रखी जाएगी। 23 फरवरी को अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद होगा। इसके बाद 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वर्ष 2026-27 का आय-व्यय विवरण सदन के पटल पर रखेंगे। 25 फरवरी को बजट पर सामान्य चर्चा होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 मार्च को गैर सरकारी संकल्प के साथ सत्र का विधिवत समापन होगा।

 

Share This Article