पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ा आस्था का सागर, 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

भक्ति, सेवा और आस्था के संग पुंदाग मंदिर में पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा का भव्य आयोजन।

Neeral Prakash
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम और श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग में पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया कार्यक्रम के अंतर्गत मंदिर में ट्रस्ट की ओर से 268 वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया।

पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा के शुभ अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। उन्हें दिव्य एवं आकर्षक आभूषणों से अलंकृत कर मनोहारी स्वरूप प्रदान किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। सुसज्जित विग्रहों की छटा ने उपस्थित भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ महाप्रसाद का भोग अर्पित किया गया।

इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण प्रारंभ हुआ। महाप्रसाद में मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी,बोतल बंद आम रस, शीतल जल,तथा आलू चिप्स का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित लगभग दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायकों ने भगवान श्री श्याम एवं श्री राधा-कृष्ण की महिमा पर आधारित सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में डूब गया। राधे-राधे और जय श्री कृष्ण के जयघोषों से वातावरण पूरी तरह कृष्णमय एवं भक्तिमय हो उठा।

भजन-संध्या के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाआरती में भाग लिया। शंखनाद और घंटियों की गूंज ने आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक दिव्य बना दिया। श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज और विश्व कल्याण की कामना करते हुए प्रभु से सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दिनभर में पांच हजार से अधिक भक्तों ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए।

उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, संजय सर्राफ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ट्रस्ट सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।