
रांची: सुरक्षा व्यवस्था लौटाए जाने के कारण इन दिनों सुर्खियों में रह रहे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर एक बार फिर चौंकाने वाला फैसला लेने वाले हैं. जी हां, उन्होंने चुनावी राजनीतिक जीवन से संन्यास लेने की बात कही है.
रांची में अपने निजी आवास पर अपनी इच्छा जताते हुए राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि 2029 का चुनाव वह नहीं लड़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि 25 वर्ष की उम्र में वह विधायक बने थे और तब से उन्होंने लंबा सफर तय किया है. ऐसे में राजनीति में भी पड़ाव जरूर आना चाहिए, आपको स्वत: अवकाश ले लेना चाहिए.
उन्होंने कहा कि 2029 में जब चुनाव होगा तो मेरी राजनीतिक उम्र 50 वर्ष की हो जायेगी. ऐसे में भगवान ने आपको समय दिया हो तो धर्म-कर्म, सामाजिक उत्थान के लिए काम करें. मेरी भी इच्छा है कि मैं अवकाश लेने पर लेखन कार्य के साथ साथ देशाटन करना चाहता हूं.
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि केंद्र की राजनीति का उन्हें कोई लालसा नहीं है और उन्होंने उसमें कभी भूमिका भी नहीं निभाई है. हालांकि, इंदिरा गांधी के जमाने से वह केंद्र की राजनीति देखते जरूर आए हैं.

