झारखंड : कोई भला पत्नी के साथ भी ऐसी दरिंदगी करता है! अस्पताल में असहनीय पीड़ा से कराह रही विवाहिता

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा: जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के परासपानी गांव में एक महिला के साथ दरिंदगी की इंतहा हो गई। प्रताड़ना ऐसी कि असहनीय पीड़ा से विवाहिता अब भी अस्पताल में कराह रही है।

यह हैवानियत किसी अन्य ने नहीं, बल्कि खुद महिला के अपने कहे जाने वाले पति, देवर व देवरानी ने की है।

मामले में महिला अपने पिता के साथ बुधवार की रात धुरकी थाना पहुंची और अपने ससुराल वालों के खिलाफ प्रताड़ना की एफआईआर दर्ज करायी है।

उन्होंने घटना की जानकारी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार हेंब्रम को दी। सभी आरोपित घर से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

क्या है मामला

प्राथमिकी के अनुसार, डंडई थाना क्षेत्र के जरही गांव निवासी अजय साह की पुत्री लक्ष्मी का विवाह वर्ष 2012 में धुरकी थाना क्षेत्र के परासपानी गांव निवासी बनारसी साह के बेटे दिनेश गुप्ता के साथ हुआ था।

विवाह के नौ साल बाद भी दंपती को कोई संतान नहीं नहीं हुई। इसे लेकर महिला को पति हमेशा प्रताड़ित करता था।

बीते सोमवार की रात लक्ष्मी देवी के साथ पति दिनेश गुप्ता व देवर राजन गुप्ता ने मारपीट भी की। वे लोग महिला पर मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे।

लक्ष्मी द्वारा इनकार करने पर लोहे के झंझरा को गैस चूल्हे पर गरम करके उसकी कमर व पैरों को दागा गया।

पूरी रात दर्द से कराहती लक्ष्मी ससुराल में ही पड़ी रही। फिर उसने मोबाइल पर अपने पिता को मामले की जानकारी दी।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार हेंब्रम ने बताया कि पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपित घर से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

घटना के बाद महिला अपने मायके डंडई थाना क्षेत्र के जरहीं गांव चली गई थी। बाद में उसने पिता के साथ थाने में आकर बयान दर्ज कराया है।

Share This Article